ऑल इंडिया पेंशनर्स फेडरेशन के आह्वान पर उत्तराखंड सेवानिवृत्त कार्मिक समन्वय समिति के बैनर तले पेंशनरों ने एसडीएम कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। पेंशनर पेंशन संशोधन विधेयक 2025 में पेंशनर हितों के खिलाफ किए गए प्रावधानों का विरोध कर रहे थे। कहा कि जब तक उक्त विधेयक में पेंशनर्स के हितों के प्रतिकूल प्रावधानों पर पुनर्विचार नहीं किया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजा। एसडीएम कार्यालय परिसर में हुई सभा में सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पीसी जोशी ने कहा कि अप्रैल 2025 में पारित पेंशन संशोधन विधेयक में भारत सरकार को पेंशनर्स के बीच भेदभाव करने का अधिकार प्राप्त हो गया है। इसका असर आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों पर पड़ेगा। उन्होंने इसके विरोध में सभी पेंशनर्स से एकजुट होने का आह्वान किया। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम के अध्यक्ष एससी पंत, पेंशनर परिषद के अध्यक्ष वीर सिंह व गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष लीलाधर पांडे ने कहा कि पेंशनर्स हितों के प्रति सरकार की उपेक्षापूर्ण नीति के खिलाफ संघर्ष जारी रखा जाएगा।