भीमताल विकासखंड सभागार में सोमवार को किसान दिवस पर आयोजित गोष्ठी में डीएम ललित मोहन रयाल ने किसानों को कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़कर आजीविका बढ़ाने के लिए कहा। डीएम ने महिला समूहों को अनुदान पर कृषि यंत्र बांटे। डीएम रयाल ने कहा कि किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार कर सकते हैं। उन्नत और नई तकनीकी से बेहतर आजीविका चला सकते हैं। उन्होंने किसानों से जैविक खेती और बागवानी के साथ मत्स्य पालन और पशुपालन के लिए आगे आने का आह्वान किया। डीएम ने खेती के लिए प्रत्येक किसान की भूमि की मिट्टी की जांच अवश्य कराने को कहा। उन्होंने उद्यान विभाग से किसानों को अच्छी प्रजाति के फल पौध का वितरण और सिंचाई विभाग से पानी देने को कहा। किसानों ने डीएम से जंगली जानवरों की समस्या से निजात दिलाने के लिए पॉलीहाउस उपलब्ध कराने की मांग की। यहां भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया, कृषि अधिकारी रितु टम्टा, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा आदि रहीं।