रविवार को नया बाजार में हुए अग्निकांड में जल संस्थान और दमकल विभाग दोनों की लापरवाही सामने आई है। मामले में जिलाधिकारी ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। बता दें कि, नया बाजार में हुए अग्निकांड में दमकल ने आग लगने की सूचना मिलने के घंटे भर बाद जल संस्थान के अधिकारियों को फायर हाईड्रेंट में पानी छोड़ने के लिए फोन किया था। तब न तो जल संस्थान के एई ने फोन रिसीव किया और न ही जेई ने। आग लगे होने के दौरान दमकल टीम को मौके पर फायर हाईड्रेंटों में पानी नहीं मिला था। तब दमकल कर्मियों को लगभग एक किलोमीटर दूर से पानी का इंतजाम करना पड़ा था। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने दमकल और जल संस्थान दोनों का जवाब तलब किया था। मंगलवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट को भेजे गए जवाब में यह लापरवाही सामने आई।