नैनीताल के मनोरा रेंज के जंगल बीते 70 घंटों से धधक रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया है जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत और आंखों में जलन हो रही है। आवासीय इलाकों तक आग पहुंचने के खतरे से लोगों में दहशत है। वन विभाग के अनुसार, रविवार सुबह नैनागांव क्षेत्र में आग लगी थी। यह आग कलौना, पटवाडांगर और आरुखान समेत आधा दर्जन गांवों तक फैल गई है। तेज हवा, धूप और सूखी वनस्पतियों के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। कई हेक्टेयर वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वन और दमकल विभाग की टीमें ग्रामीणों संग आग बुझाने में जुटी हैं। स्थानीय लोगों ने आग की घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।