ओखलकांड ब्लॉक निवासी जितेंद्र बोहरा का शव चार महीने पहले संदिग्ध हालात में सड़क किनारे पड़ा मिला था। चार महीने बीतने के बाद भी जितेंद्र की मौत का खुलासा नहीं होने से परेशान परिजनों ने मंगलवार को पूर्व दायित्वधारी हरीश पनेरू के नेतृत्व में खनस्यूं थाने में ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन किया। पनेरू ने कहा कि चार महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस जितेंद्र हत्याकांड का खुलासा नहीं कर पाई है। पनेरू ने कहा कि जितेंद्र के परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी खनस्यूं थाने का घेराव का प्रदर्शन किया था। पनेरू ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए ग्रामीणों के साथ पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पनेरू ने कहा अगर दस दिन में हत्याकांड का खुलासा नहीं किया गया तो हल्द्वानी में एसएसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना पर एसपी सिटी डॉ.जगदीश चंद्र ने फोन के माध्यम से दस दिन के अंदर लाई डिटेक्टर टेस्ट करवाकर मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। इस दौरान दीपक दुर्गापाल, संजय नैनवाल, विक्रम बिष्ट, ललित मेलकानी, राजेश नैनवाल, नीरज बोहरा, पप्पू बोहरा, पूरन खनवाल, भवन सिंह, विजय बोहरा, पंकज परगांई, प्रकाश दुर्गापाल आदि मौजूद रहे।