नैनीताल जिले में कांग्रेस का छात्रों की गूंज अभियान शुरू हो गया है। महानगर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को स्वराज आश्रम में राहुल गांधी की ओर से विद्यार्थियों के साथ किए संवाद का डिजिटल प्रेजेंटेशन का प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नीट और जेईई की तैयारी कर रहे छात्र मौजूद रहे। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भाजपा सरकार पर युवाओं के सवालों से भागने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक, बढ़ते निजीकरण और युवाओं के भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर खुलकर अपने विचार एवं सुझाव रखे। कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आज देश का छात्र केवल परीक्षा नहीं दे रहा बल्कि एक भ्रष्ट और असफल व्यवस्था से संघर्ष कर रहा है। विधायक ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकार, पारदर्शी भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सम्मानजनक रोजगार के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने छात्रों से किसी भी विपरीत परिस्थिति में हार न मानने और आत्महत्या जैसा कदम न उठाने की भी अपील की। वहां महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, पूर्व चेयरमैन हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता, नरेश अग्रवाल, मलय बिष्ट, प्रदीप, गोविंद बगड़वाल आदि मौजूद रहे।