विकास भवन भीमताल में सोमवार को अपर सचिव स्वास्थ्य रीना जोशी ने स्वास्थ्य विभाग और जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बुधवार से 2 अक्टूबर तक जिले में होने वाले स्वास्थ्य शिविरों को लेकर बैठक की। जोशी ने बताया कि जिले में 162 स्वास्थ्य कैंप लगाए जाएंगे साथ ही तीन बड़े कैंप लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर सीएचसी और पीएचसी में लगाए जाने हैं। बुधवार को बेस अस्पताल हल्द्वानी में एक बड़ा स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। शिविर में सभी स्पेशलिस्ट डॉक्टर लोगों की जांच करेंगे। उन्होंने कहा कि सीएचसी और पीएचसी में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओर से लोगों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की जाएंगी। अपर सचिव ने सीडीओ से शिविर को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लेने को कहा है। साथ ही कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीएचसी और पीएचसी में डॉक्टरों की नियुक्ति की जा रही है।