चंपावत जिले में राजकीय शिक्षक संघ का आंदोलन जारी है। शुक्रवार को जीआईसी में शाखा अध्यक्ष मदन राम के नेतृत्व में शिक्षकों ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारे लगाए। उन्होंने कहा कि उनकी तीन सूत्री मांगों की अनदेखी की जा रही है। सरकार को शिक्षकों की न्यायोचित मांगों को जल्द से जल्द पूरा करना चाहिए, लेकिन समाधान के बदले सरकार आंदोलन को दबाने का काम कर रही है। टनकपुर में राउमावि आमबाग के शिक्षकों ने प्रदर्शन के बाद कार्य बहिष्कार किया। जिला उपाध्यक्ष कल्पना आर्य ने कहा कि जब तक सरकार और शिक्षा विभाग पदोन्नति तबादला और प्रधानाचार्य सीधी भर्ती प्रक्रिया आदि लंबित मांगों को पूरा नहीं करती तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उपाध्यक्ष आर्य ने कहा कि शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के निर्देशन में जारी रहेगा। विरोध प्रदर्शन में विनय राणा, राजेंद्र सिंह बिष्ट, जगदीश चंद्र, रुचि पांडे, बिंदु चंद, ममता बिष्ट, शीला जोहार आदि शामिल रहे।