थराली। देवाल घाटी को ग्वालदम और कुमांउ से जोड़ने वाला चिडंगा मल्ला-खंपाधार ग्वालदम मोटर मार्ग पर 15 साल से डामरीकरण नहीं होने से नाराज ग्वालदम एवं चिडंगा के जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा और उपजिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत से मुलाकात की और मोटर मार्ग पर शीघ्र डामरीकरण करने की मांग की। उन्होंनें कहा कि यदि दो माह में इस मोटर मार्ग पर कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो जनता आंदोलन को बाध्य होगी और आगामी विधान सभा चुनाव का बहिष्कार भी करेगी। उन्होंनें इस संबध में लोनिवि के ईई को पत्र दिया और एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला पंचायत सदस्य कला देवी ने कहा इस सड़क के बनने से ग्वालदम से देवाल की दूरी 35 किमी से घटकर दस किमी रह गई है और थराली से ग्वालदम की दूरी 23 से घटकर 14 किमी हो गई है बावजूद इसके 15 साल बाद भी यह सड़क कच्ची है जिस पर लोग उबड़-खाबड़ सड़क पर आवाजाही करने को मजबूर हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा ने कहा कि इस सड़क के डामरीकरण की डीपीआर शासन को भेजी गई है। धनराशि स्वीकृत होने पर कार्य किया जायेगा।