पोखरी। विकास खंड के अंतर्गत काणड ई चंद्रशिला ग्राम पंचायत में आजादी के 79 वर्ष बाद पहली बार सवारी वाहन पहुंचने पर पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। जैसे ही मैक्स, ब्रेजा सहित अन्य वाहन गांव तक पहुंचे, महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग खुशी से झूम उठे और एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर अपनी खुशी जाहिर की। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित चानदनीखाल–रडुवा–काणड ई–रैसू मोटर मार्ग का निर्माण कार्य इन दिनों प्रगति पर है। सड़क काणड ई चंद्रशिला तक पहुंचते ही पहली बार वाहनों की आवाजाही संभव हो सकी, जिससे वर्षों से बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क न होने के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार जाने या तहसील कार्यों हेतु पोखरी पहुंचने के लिए लगभग एक किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती थी। सामान पीठ पर ढोकर घर तक लाना उनकी मजबूरी थी। स्थिति तब और विकट हो जाती थी, जब बीमार बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चारपाई के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ता था।