होली को लेकर सिनाऊ तल्ला मल्ला गांव में पुलिस ओर ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत ने ग्रामीणों से होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार का अनावश्यक हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों को चिन्हित कर तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया, ताकि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके।इस दौरान युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए थानाध्यक्ष ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी साझा न करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई। बैठक में युवाओं और बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए परिजनों से सतर्क रहने और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई। साथ ही थानाक्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।