गैरसैंण विकासखंड के दूरस्थ गांव जखेट का प्राइमरी स्कूल भवन जर्जर बना है। ग्रामीणों के अनुसार 27 वर्ष पुराने इस स्कूल भवन की मरम्मत के नाम पर विभाग केवल आश्वासन देता रहा है। लिहाजा बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूल को पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। अब अधिकारी स्कूल भवन के ध्वस्तीकरण की बात कह रहे हैं। जखेट में वर्ष 1998 में स्थापित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में 15 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां दो शिक्षक तैनात हैं लेकिन दो कक्षा, कक्ष, एक बरामदा और कार्यालय वाला स्कूल भवन जर्जर हो गया है जबकि इस भवन की मरम्मत के लिए ग्रामीण लगातार मांग करते आ रहे हैं। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि इस विद्यालय में कभी बच्चों की अच्छी संख्या हुआ करती थी लेकिन भवन की हालात खराब होने के कारण छात्रों को देखते हुए गांव के बच्चे अन्य नजदीकी विद्यालयों में शिफ्ट किया गया।