ग्रीष्मकालीन राजधानी के विधानसभा परिसर भराड़ीसैंण की ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम के बीच अनुलोम बिलोम होगा। जिसके लिए यहां आयुष विभाग, जिला प्रशासन और विधानसभा प्रशासन तैयारियों में जुटा है। परिसर में विशाल वॉटर प्रूफ टेंट लगाया जा रहा है। जिसमें एक साथ 700 से 1000 तक लोग योग कर सकेंगे। विश्व योग दिवस पर 21 जून को भराड़ीसैंण गुलजार होगा। वर्ष में एक बार कुछ दिन के सत्र होने और राज्य स्थापना दिवस पर परेड आदि के कार्यक्रम आयोजित होने पर ही यहां भीड़ जुटती है। लेकिन इस बार पहली बार विश्व योग दिवस का आयोजन भराड़ीसैण में हो रहा है। जून के माह में भी सुबह सवेरे यहां सुहावनी ठंड रहती है। ऐसे में ठंडी हवाओं के बीच होने वाले योग के कार्यक्रम को जिला प्रशासन, आयुष विभाग और विधानसभा प्रशासन खास बनाने जा रहा है। विस के प्रभारी अधिकारी शेखर पंत ने बताया आयुष विभाग, जिला प्रशासन के सहयोग से योग दिवस के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए तैयारियां की जा रही है।