नगर पालिका बोर्ड में छह सभासदों की नाराजगी अब खुलकर सड़क पर आ गई है। मंगलवार को छह सभासदों ने एक साथ पत्रकार वार्ता की। सभासदों ने कहा कि छह माह से नगर में विकास कार्य ठप पड़े हैं। कई बार अचानक बोर्ड बैठक स्थगित और निरस्त कर दी जा रही है। कई बार टेंडर के बाद भी विकास कार्यों को निरस्त किया जा रहा है। नगर पालिका की ओर से चार दिवसीय बिखौती कर्ण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मेले के शुभारंभ अवसर पर नगर के सात सभासदों में छह सभासद नदारद दिखे। जिसके बाद से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई। मंगलवार को जीएमवीएन में आयोजित प्रेस वार्ता करते हुए सिमली वार्ड के सभासद मनोज पुंडीर, आईटीआई की कमला रतूड़ी, गांधीनगर की सीमा देवी, ईड़ाबधाणी के उत्तम नेगी, अपर बाजार की हेमा डिमरी और मुख्य बाजार की रीना रावत ने कहा कि नगर के विभिन्न वार्डों के लिए लगभग पौने चार करोड़ की लागत से 36 योजनाओं के टेंडर आमंत्रित किए गए थे। लेकिन तीनों बार ये टेंडर निरस्त हो गए। ऐसे में वार्ड के लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कहा कि पालिका बेवजह कई प्रकार की खरीदारी कर रही है। वार्ड सभासद रीना रावत ने कहा कि उनके वार्ड में मेले का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष को सभी सभासदों से वार्ता कर उनकी नाराजगी के कारण का पता लगाना चाहिए था।