बागेश्वर में पहाड़ के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ओर से चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने बागेश्वर भराड़ी टैक्सी स्टैंड में टैक्सी चालकों और स्थानीय लोगों से संवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। यूकेडी प्रदेश कोषाध्यक्ष वरुण चंदोला के नेतृत्व में आयोजित जनसंवाद में टैक्सी चालकों ने बताया कि भराड़ी में नाम का टैक्सी स्टैंड तो है, लेकिन व्यवस्थित टैक्सी स्टैंड की सुविधा उपलब्ध नहीं है। सड़क पर ही वाहन खड़े करने पड़ते हैं, जिससे चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा टैक्सी स्टैंड पर शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। टैक्सी चालकों और स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से टैक्सी स्टैंड की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। यूकेडी कार्यकर्ताओं ने कहा कि टैक्सी चालकों और जनता की समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही संबंधित विभाग से जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी। इस दौरान यूकेडी जिलाध्यक्ष मनोज जोशी, हरीश चंदोला, भुवन कांडपाल, मनोज चौहान, अरुण खेतवाल, गिरीश, सुनील, मुन्ना, दीपक, भुवन आदि मौजूद रहे।