टनकपुर-बागेश्वर रेलमार्ग निर्माण की मांग पर टनकपुर-बागेश्वर रेलमार्ग निर्माण संघर्ष समिति का आंदोलन तेज हो गया है। समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सदस्यों ने केंद्र और राज्य सरकार से इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग की। रविवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन के दौरान संघर्ष समिति की अध्यक्ष नीमा दफौटी ने प्रदर्शन के दौरान आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि दशकों से जिले की जनता को रेलमार्ग का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। यह सिर्फ मांग नहीं, बल्कि पहाड़ के पिछड़ेपन को दूर करने का एक मात्र जरिया है। सरकार बार-बार आश्वासन देकर जनता को छलने का काम कर रही है। अब हमें झूठे वादे नहीं, बल्कि जल्द से जल्द सर्वे पूरा कर निर्माण कार्य शुरू करने का आदेश चाहिए। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में रेल सेवा केवल स्थानीय लोगों के लिए सुगम यात्रा का साधन बनेगी, बल्कि पलायन रोकने और क्षेत्र की आर्थिकी को मजबूत करने में भी मील का पत्थर साबित होगी। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शासन-प्रशासन ने इस दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर केशवानंद जोशी, बंशीधर जोशी, बसंत बल्लभ जोशी, नरेंद्र खेतवाल, प्रताप सिंह दानू, चरण सिंह बघरी, लक्ष्मी धर्मशक्तू, शायरा बानो, ललिता असवाल आदि मौजूद रहे।