गरुड़ में बैजनाथ के भकुनखोला मैदान में कत्यूर महोत्सव की पहली स्टार नाइट में लोक कलाकारों ने गीतों से समां बांधा। लोकगायक फौजी ललित मोहन जोशी, दीक्षा ढौंढियाल, कमला देवी और गोविंद गिरि ने देर रात तक लोकगीतों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। रविवार की रात आयोजित स्टार नाइट में गायक जोशी ने हे नंदा सुनंदा तू दैंणी हजाए.., टक टकाटक कमला बाटुई लगाए..., दूर बड़ी दूर बर्फीलो डाना... सुनाकर दर्शकों का मनोरंजन किया। दीक्षा ने बनारसी साड़ी मेरी शाॅल पसमीना..., मेरा सैंया छह सार गौं का हीरो..., वर्मा सुनार दाज्यू..., द्वि तोलैकी झुमकी रे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कमला देवी ने कोक स्टूडियो में गाए सोन चढ़ी गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोहा। गोविंद गिरि ने भी देर रात तक कुमाऊंनी गीतों की प्रस्तुति देकर लोगों का मनोरंजन किया। बड़ी संख्या में दर्शकों ने कार्यक्रम का लुत्फ उठाया।