नुमाइशखेत मैदान में स्व. मोहित सिंह भंडारी स्मृति जिला स्तरीय नाइन ए साइड फुटबाल प्रतियोगिता जारी है। चौथे दिन खेले गए दोनों मुकाबले एकतरफा रहे। बड़ी संख्या में आए दर्शकों ने मुकाबलों का जमकर लुत्फ उठाया। शुक्रवार का पहला मैच बागनाथ एकेडमी गर्ल्स और कपकोट एफसी के मध्य खेला गया। बालक और बालिकाओं की टीम के बीच मुकाबला रोचक रहने की उम्मीद थी। कपकोट एफसी के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाते हुए 5-0 की एकतरफा जीत हासिल की। दूसरा मैच सरप्राइज एफसी और नीरज स्पोर्ट्स के मध्य खेला गया। यह मैच भी एकतरफा रहा। सरप्राइज की टीम ने शुरूआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा था। मैच का अंत टीम ने 12-0 के गोल अंतर से जीतकर किया। इस मौके पर कैप्टन राजेंद्र भंडारी, नीरज पांडेय, ललित तिवारी आदि मौजूद रहे।