अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम मंदिर में आतंकवाद मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरक्षा बलों की क्षमता को परखा गया।बुधवार को मॉक ड्रिल के दौरान अचानक अल्मोड़ा पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि जागेश्वर धाम मंदिर में तीन आतंकवादियों ने दो लोगों को बंधक बना लिया है। सूचना मिलते ही जिले की सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस, एटीएस, एसडीआरएफ, क्यूआरटी, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा, आपदा प्रबंधन, बिजली, जल संस्थान, पेयजल निगम सहित अन्य विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। यहां एटीएस कमांडोज ने बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ऑपरेशन चलाया। ऑपरेशन के दौरान तीन आतंकवादियों को मार गिराया, जबकि बंधक बनाए गए दो लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। ऑपरेशन के बाद बम डिस्पोजल टीम ने घटनास्थल की गहन तलाशी ली और वहां कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु मौके पर मौजूद नहीं होने की पुष्टि की। अधिकारियों ने पूरे अभियान की समीक्षा कर जरूरी सुझाव साझा किए। मॉक ड्रिल के दौरान सीओ गोपाल दत्त जोशी, सीओ दूरसंचार राजीव टम्टा, तहसीलदार बरखा जलाल, विजय विक्रम, निरीक्षक दूरसंचार उमाशंकर पांडे, प्रभारी यातायात दरबान सिंह मेहता आदि मौजूद रहे।