राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर समाज कल्याण विभाग की ओर से नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक पेश किए गए। कलाकारों ने थाना बाजार, जौहरी बाजार, चौक बाजार, लाला बाजार, भीमराव आंबेडकर छात्रावास फलसीमा, राजकीय नशा मुक्त एवं पुनर्वास केंद्र अल्मोड़ा और रामलीला मैदान खत्याड़ी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। इन नाटकों के माध्यम से छात्र-छात्राओं और स्थानीय जनमानस को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। नशा मुक्ति के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभाग ने जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। वहां जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र पांडे आदि मौजूद रहे।