राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित रजत जयंती उत्सव के तहत मंगलवार को प्रसिद्ध सूर्य मंदिर कटारमल परिसर में योग का सामूहिक अभ्यास किया गया। योग साधकों को योग की शपथ भी दिलाई गई। केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग को सिर्फ एक दिन का उत्सव न बनाएं, इसे जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति के जीवन में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मकता लाई जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग वैश्विक आंदोलन बन चुका है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भी योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता लाना है। कार्यक्रम के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री और जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर की भूमि पर पौधरोपण किया। वहां मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शाहिद, आईटीबीपी, एसएसबी के जवान, स्कूली बच्चे, स्थानीय नागरिक, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं आदि रहीं।