कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि देश में भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बेरोजगारों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। तीन अक्तूबर को प्रदेश कांग्रेस संगठन इस मामले को लेकर देहरादून में प्रदर्शन करेगा। युवा हितों के संरक्षण के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) पेपर लीक प्रकरण की सीबीआई जांच हाईकोर्ट के न्यायाधीश की देखरेख में कराई जानी चाहिए। सोमवार को चौघानपाटा स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान टम्टा ने प्रदेश सरकार और नौकरशाही पर नकल गिरोह को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पेपर लीक सबूत मिलने के बाद भी सरकार मामले में हीलाहवाली कर रही है। पूर्व में पेपर लीक मामले में पकड़े गए हाकम सिंह पर एक साल बाद भी ट्रायल शुरू नहीं हो सका है। प्रदेश सरकार को इस परीक्षा को निरस्त कर एक माह के भीतर दोबारा परीक्षा करानी चाहिए। हाईकोर्ट के न्यायाधीश की मॉनिटरिंग में पेपर लीक प्रकरण की जांच की जाए। पूर्व सांसद टम्टा ने भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार के सबका साथ सबका विकास नारे को खोखला बताया।