अल्मोड़ा के एसएसजे परिसर में अध्ययरत विद्यार्थियोंं की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किए जाने से आक्रोशित छात्र-छात्रों ने तीसरे दिन भी निदेशक कार्यालय में ताले जड़े। उन्होंने निर्माण कार्य के नाम पर छात्रों के धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए खर्च का हिसाब मांगा। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती उनका प्रदर्शन नहीं थमेगा। एसएसजे परिसर में शनिवार को छात्रसंघ महासचिव विशाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में आक्रोशित छात्रों ने फिर निदेशक कार्यालय के बाहर ताले लगा दिए। नाराज विद्यार्थियों ने कहा कि परिसर मेंं शौचालयों की स्थिति लंबे समय से बदहाल है। इससे छात्राओं को काफी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। बावजूद इसके छात्राओं की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं लेकिन विद्यार्थियों को मूल सुविधा से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने परिसर में दो वर्षों में हुए निर्माण कार्यों की उच्च स्तरीय कमेटी गठित कर निष्पक्ष जांच करने और निर्माण कार्य में खर्च की गई धनराशि को सार्वजनिक करने की मांग उठाई। वहां पूर्व छात्रसंघ सचिव गोलू सतवाल, विनय कनवाल, भास्कर गोस्वामी, निशांत पांडे, विक्की फर्त्याल, कमल जोशी सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।