अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से पीएमश्री अटल उत्कृष्ट जीआईसी अल्मोड़ा में पुलिस की पाठशाला का आयोजन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक गोपाल दत्त जोशी ने छात्र-छात्राओं को कानून का पाठ पढ़ाया। साथ ही साइबर ठगी और नशे से बचने के लिए सावधानी और सतर्कता के उपाय बताए। सीओ ने कहा कि तकनीक के जमाने में सोशल मीडिया से कई अपराध होते हैं। युवा अक्सर अज्ञानता के चक्कर में अनधिकृत एप डाउनलोड कर लेते हैं। एपके अनुमति मांगने से फोन की सारी जानकारी चली जाती है। खेल और फोटो संपादित करने वाले एप तो बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं होते, इसलिए जहां तक हो इनका इस्तेमाल से बचें। उन्होंने छात्राओं को सुझाव दिया कि इस बात का खास ख्याल रखना है कि किसी तरह के फोटो डाउनलोड न करें। अज्ञात नंबर से आने वाली कॉल और वीडियो कॉल नहीं उठाएं।युवाओं को साइबर धोखाधड़ी से बचना है तो उन्हें अपने मोबाइल फोन से अनधिकृत एप को हटाना होगा। सोशल मीडिया पर अकाउंट हो तो वह एक या दो ही रखें और सुरक्षा के लिए उसे प्राइवेट कर दें। अगर आपके साथ कोई भी फ्रॉड होता है तो तुरंत उसकी जानकारी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर देकर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की अपील की। कहा कि कि युवक शुरू में शौकिया तौर पर नशा करना शुरू करते हैं, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इसकी लत पड़ जाती है। ऐसे में इस लत से बचने के लिए बुरी चीजों को पहले दिन से ही न कहना होगा। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम और युवाओं में बढ़ता नशा से बचने के लिए हमें खुद जागरूक होने के साथ ही अपने आसपास के लोगों और परिवार वालों को इसके दुष्प्रभाव के बारे में बताना होगा। उन्होंने यातायात, कानून समेत विभिन्न जानकारियां दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह बिष्ट ने अमर उजाला फाउंडेशन और पुलिस का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए लाभप्रद है।