काशी हिंदू विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर, बचऊ वीर अखाड़ा में नाग पंचमी के अवसर पर भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर बड़े पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया। दंगल में कई रोमांचक मुकाबले हुए, जिनमें 5100 रुपये का एक बड़ा मुकाबला भी शामिल था जो बराबरी पर छूटा। बड़े पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में गुल्लू पहलवान और काशी पहलवान का दंगल बराबरी पर समाप्त हुआ। यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद आकर्षक रहा। एक अन्य रोमांचक मुकाबले में सपा नेता अमन यादव और भाजपा पार्षद राम सिंह कल्लू आमने-सामने थे। यह मुकाबला भी बराबरी पर छूटा। इस मुकाबले के लिए 5100 रुपये का पुरस्कार रखा गया था। बच्चों के दंगल में विराट यादव, ओम, श्रेयांश यादव और आरेव यादव जैसे युवा पहलवानों ने भाग लिया। इन बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप बर्तन और 101 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। बड़े पहलवानों को बाल्टी और 501 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।