प्रदेश के नोएडा में हाल ही में मजदूरों के विरोध प्रदर्शन और तनाव की घटनाओं के बाद अब बनारस में भी मजदूरों का असंतोष सामने आ गया है। मजदूरी न मिलने से नाराज निजी कंपनी के सफाईकर्मियों ने शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। ठोस कचरा प्रबंधन का काम संभाल रही निजी कंपनी वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने दो महीने से वेतन न मिलने के विरोध में बृहस्पतिवार को पीलीकोठी स्थित डंपिंग यार्ड में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन किया और हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिला है और कंपनी के अधिकारी इस मुद्दे पर बातचीत करने को तैयार नहीं हैं। इससे करीब 500 कर्मचारियों और उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। कई बार मांग उठाने के बावजूद भुगतान न होने से मजबूर होकर कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। नगर निगम का दावा है कि कंपनी को हर माह भुगतान किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों तक वेतन नहीं पहुंच रहा है। आदमपुर और जैतपुरा जोन में पहले से बिगड़ी है व्यवस्था हड़ताल से पहले ही आदमपुर और जैतपुरा जोन में सफाई व्यवस्था खराब थी। भारद्वाजी टोला, प्रह्लाद घाट, राजघाट, नया महादेव, चौहट्टा और मुकिमगंज समेत कई इलाकों में लंबे समय से कूड़े के ढेर लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा उठाने के नाम पर हर माह शुल्क लिया जाता है, लेकिन नियमित सफाई नहीं हो रही। गर्मी के मौसम में इससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।