अवैध ई-रिक्शा और ऑटो के खिलाफ मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन में चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान 288 ई-रिक्शा और ऑटो को सीज किया गया। इसके साथ ही 879 ई-रिक्शा और ऑटो का चालान किया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शहर में भ्रमण कर पुलिस की कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान में पुलिस यह देख रही है कि ऑटो और ई-रिक्शा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन पेपर, इंश्योरेंस और परमिट का कागज है या नहीं है। ई-रिक्शा को आवंटित बार कोड का सत्यापन कर यह देखा जा रहा है कि वह अपने निर्धारित रूट पर ही चल रहे हैं या नहीं चल रहे हैं। ई-रिक्शा और ऑटो नाबालिग चलाते हुए मिलेंगे तो उसे हर हाल में सीज कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान की आड़ में यह शिकायत न आए कि पुलिस द्वारा किसी ऑटो या ई-रिक्शा चालक का उत्पीड़न किया गया है। पुलिस आयुक्त के निरीक्षण के दौरान डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल और एडीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।