प्रधानमंत्री आने वाली 20 अक्टूबर को काशी आ रहे हैं। काशी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली से पहले काशीवासियों को दीपावली का गिफ्ट देने वाले हैं। अभी तक के कार्यक्रम पर गौर करें तो पीएम काशी में लगभग सात घंटे बिताएंगे और लगभग बारह बजकर तीस मिनट पर काशी आएंगे। मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा की माने तो प्रधानमंत्री रिंगरोड स्थित शंकर अस्पताल जाएंगे। शंकर अस्पताल के लोकार्पण के साथ लगभग एक हजार लोगों को संबोधित करेंगे। शंकर आई अस्पताल पीएम के लोकार्पण के साथ ही अपनी सुविधाओं को देना शुरू कर देगा। कहा जा रहा है कि इस अस्पताल के बनने से वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल के ऐसे रोगी जो आंख की समस्या से पीड़ित हैं उनका ईलाज हो सकेगा। इसमें मुफ्त आपरेशन और सस्ते ईलाज की सुविधा होगी। यहां के बाद पीएम सड़क मार्ग से सिगरा जाएंगे जहां संपूर्णानंद स्टेडियम के फेज-2 और फेज-3 का लोकार्पण करेंगे और सिगरा स्टेडियम में ही लगभग बीस हजार लोगों को संबोधित करेंगे। आपको बता दें कि पीएम अपने आगमन के दौरान लगभग 1300 करोड़ की योजनाओं की सौगात देने वाले हैं इसमें सिगरा स्टेडियम के फेज-1 और फेज-2 का पूरा हुआ कार्य तो शामिल है ही साथ में सारनाथ का रिडेवलपमेंट का कार्य भी शामिल है इसके अलावा एयरपोर्ट टर्मिनल की नई बिल्डिंग की आधारशिला रखेंगे। पीएम के आगमन को लेकर पूरी काशी सुरक्षा के घेरे में तब्दील होगी। पीएम रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अभेद्य घेरा तैयार किया गया है। वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा का जायजा लिया। सुरक्षा के संबंध में जानकारी देते हुए इन्होने कहा कि फुलप्रुफ सुरक्षा रहेगी। सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स और पीएसी के जवानो की तैनाती होगी। पुलिस के कुल पांच हजार जवान तैनात रहेंगे। जो सड़क से लेकर छतों पर तैनाती के साथ सुरक्षा पर नजर रखेंगे। सुरक्षा की तीसरी आंख ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में भी पुलिस के जवान सुरक्षा देते नजर आएंगे और यातायात की ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि आम जनता को असुविधा न हो।