ये चमक, ये दमक, फुलवन मा महक, सबकुछ सरकार तुम्हई से है... के जरिये राम आएंगे फेम स्वाति मिश्रा ने सालासर हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाई। रविवार की शाम को महमूरगंज स्थित बालाजी पैलेस में सालासर का भव्य दरबार सजाया गया। श्रद्धालुओं ने सालासर हनुमान के दर्शन किए और भजनों की रसगंगा में गोते लगाते रहे। श्री सालासर बालाजी मंडल काशी की ओर से आयोजित महोत्सव में कोलकाता से आए कारीगरों ने रंग बिरंगे फूलों से प्रभु की झांकी सजाई। पंचमेवे से शृंगार हुआ। इसमें प्रभु श्रीराम जी व सालासर हनुमान जी विराजमान हुए। अध्यक्ष संजय लोहिया ने ज्योत जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुंबई से आईं स्वाति मिश्रा और कोलकाता के गुलशन शर्मा ने भजनों की रसधार बहाई। स्वाति मिश्रा ने प्रभु राम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं।