श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि की तैयारियां शुरू करने से पहले प्रथम पूज्य श्री गणेश जी महाराज का विधि-विधान से पूजन कर महोत्सव के प्रारंभ की अनुमति हेतु विघ्नविनाशक से प्रार्थना की गई। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणेश जी की पूजा की। श्री गणेश जी को वस्त्र, पुष्प, दुर्वा, माला, नैवैद्य, भोग अर्पित किया गया और भावपूर्ण तरीके से गणेश जी की स्तुति कर उनकी आरती उतारी गई। श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि की तैयारी शुरू करने से पूर्व प्रथम पूज्य गौरी नंदन श्री गणेश जी का पूजन किया गया। श्री गणेश जी के पूजन के बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गया है। शास्त्रीय महोत्सव में कल से मंदिर में स्थित सभी प्रधान विग्रहो का रुद्राभिषेक कर उन्हें जागृत किया जायेगा तथा उनकी आराधना की जाएगी। समस्त देवताओं का आह्वान कर महोत्सव में सहभागी हो श्रद्धालुओं को आशीष प्रदान करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा। प्रतिदिन होने वाले शास्त्रीय आयोजन के संबंध में दैनिक सूचना जारी की जाएगी।