काशी विश्वनाथ मंदिर में हर दिन लाखों श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। ऐसे में श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बीच मंदिर न्यास उच्च स्तरीय प्रबंधन के लिए दिन- रात प्रयास कर रहा है। न्यास के अधिकारी धाम में श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव से किए गए प्रबंधों को लेकर पूरी संवेदनशीलता से निगरानी कर रहे हैं। मंदिर के सीईओ विश्व भूषण खुद धाम में आ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर निगरानी कर रहे हैं। न्यास के कार्मिकों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को धाम के गेट नंबर- 4 से लेकर गंगा द्वार तक श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था को परखा। साथ ही उन्होंने धाम में आए श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, बुजुर्गों तथा गोद में बच्चों को लेकर आए श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।