गंगा के बढ़ते जलस्तर के चलते काशी में घाटों की स्थिति बदलने लगी है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली प्रसिद्ध गंगा आरती का स्थल भी बदल दिया गया है। जलस्तर बढ़ने के कारण घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए आरती स्थल को पीछे की ओर स्थानांतरित किया गया है। गंगा का जलस्तर शनिवार को 63.3 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि अभी गंगा चेतावनी बिंदु से काफी नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए घाटों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। जलस्तर बढ़ने के कारण दशाश्वमेध घाट पर आरती के लिए लगाई गई छतरियां और पाइप भी हटा दिए गए हैं। आरती स्थल पर व्यवस्था को नए सिरे से तैयार किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं गंगा का पानी बढ़ने से काशी के 84 घाटों मे कुछ घाटों का आपसी संपर्क भी टूट गया है। कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूबने लगी हैं और निचले हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए है।