मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को शाम काशी के दुर्गाकुंड स्थित धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की तपोस्थली धर्मसंघ पहुंचे। करपात्री के 118वें प्राकट्योत्सव के अवसर पर मुख्यमंत्री ने धर्मसंघ पहुंच कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया और वर्तमान पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी से भेंट की। मंदिर पहुंच कर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले मणि मंदिर में श्रीराम दरबार का दर्शन किया, उसके बाद उन्होंने मंदिर में स्थापित पांच फीट के नर्वदेश्वर शिवलिंग का विधिवत पूजन अर्चन किया। इसके बाद उन्होंने बाहर बाग में स्थित करपात्र प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। धर्मसंघ की ओर से स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी एवं धर्मसंघ महामंत्री पं. जगजीतन पांडेय ने सीएम योगी को धार्मिक प्रतीक के रूप में त्रिशूल भेंट किया। इसके साथ ही महाराज ने उन्हें दुशाला एवं स्मृति चिन्ह भी भेंट की।