सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के एक साथ पड़ने से सोमवार को काशी में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर से लेकर गांवों तक के शिव मंदिरों व शिवालयों में भक्तों ने जलाभिषेक किए। काशी विश्वनाथ धाम में रात से ही लाइन में लगे भक्तों ने सुबह मंगला आरती के बाद जलाभिषेक कर मंगल कामनी की। वहीं धाम के आसपास व मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त रही। वहीं कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलिकॉप्टर से फूल बरसाए गए। दशाश्वमेध घाट से गोदौलिया तक भक्तों की कतारें लगी रहीं। इसके अलावा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर, महामृत्युंजय मंदिर, जागेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ रही।