उन्नाव जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। रविवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 113 मीटर को पार कर 113.030 मीटर पर पहुंच गया है। इससे बांगरमऊ, सफीपुर, सदर और बीघापुर तहसीलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसडीएम लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ संभावित क्षेत्रों में निगरानी करने का निर्देश दिया है। बताया कि प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत कार्य सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।