मकर संक्रांति पर्व पर मंगलवार को तड़के से ही गंगा नदी के तटों पर स्नानार्थियों की हुजूम उमड़ पड़ा। हर-हर गंगे व हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ भक्तों ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य किया। सभी घाटों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। नाविक और गोताखोरों की टीम मुस्तैद रही। मकर संक्रांति पर्व पर चंदनघाट, आनंदघाट, बालूघाट, शिव बाबाघाट, कंट्रोलघाट व नमामि गंगे घाट समेत सभी घाटों पर गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालु भोर होते ही पहुंचने लगे। लोगों ने गंगा स्नान करने के बाद पूजन पाठ कर दीन दुखियों को दान आदि दिया। इस दौरान ठंड का भी असर देखा गया। ठंड और अधिक कोहरा पड़ने के कारण सुबह कुछ भीड़ कम रही, लेकिन जैसे-जैसे मौसम खुला और धूप निकली श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई।