पोनी रोड पर जाम की समस्या झेलने वालों के लिए राहत भरी खबर है। पोनी रोड चौड़ीकरण के लिए गुरुवार को उन्नाव पीडब्ल्यूडी को शासन से मंजूरी मिल गई है। साथ ही विभाग को पांच करोड़ 84 लाख छह हजार रुपये की पहली किस्त आवंटित कर दी गई है। 11.68 करोड़ की लागत से 6.440 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसमें नाली और फुटपाथ भी बनाए जाएंगे। पोनी रोड संकरा होने से अरसे से लोग जमा की समस्या झेल रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण की कवायद काफी दिनों से हो रही थी, गुरुवार को इसकी मंजूरी मिल गई। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन एचडी अहिरवार ने बताया कि शासनादेश मिल गया है। खाते में पांच करोड़ 84 लाख छह हजार रुपये की पहली किस्त आ गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा, प्रक्रिया पूरी होने में अभी एक माह लगेंगे।