जयसिंहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और शातिर चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों की जवाबी घेराबंदी में तीन आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। मौके से करीब 11 लाख रुपये नकद, जीप कंपास, तीन तमंचे, 22 कारतूस और चोरी के जेवर बरामद किए गए हैं। वारदात शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे की है। चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जयसिंहपुर पुलिस पीढ़ी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जीप कंपास सवार कुछ संदिग्ध बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाश घायल हो गए। इसके बाद चारों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 50 हजार रुपये का इनामी अनिकेत चौहान निवासी सदरपुर, सीतापुर, आकाश निवासी इमलिया सुल्तानपुर, सीतापुर, मिथलेश चौहान निवासी रेउसा, सीतापुर तथा अजय निवासी इमलिया सुल्तानपुर, सीतापुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अनिकेत पर 52, आकाश पर 46, मिथलेश पर 26 और अजय पर 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। तलाशी में आरोपियों के कब्जे से करीब 11 लाख रुपये नकद, एक जीप कंपास, तीन तमंचे, 22 कारतूस और चोरी के जेवर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने आसपास के कई जिलों में सिलसिलेवार चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस का दावा है कि वारदात की नीयत से ही चारों सुल्तानपुर पहुंचे थे। घायल तीनों आरोपियों को सीएचसी जयसिंहपुर में भर्ती कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह ने बताया कि बरामद नकदी और जेवर के संबंध में जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।