कोलकाता के बाद देश में दूसरा स्थान मानी जाने वाली सुल्तानपुर की दुर्गापूजा महोत्सव का नेत्रपूजन के साथ शुभारंभ हो गया। शहर के ठठेरीबाजार में स्थापित बड़ी दुर्गा के पंडाल में विधिवत नेत्र पूजन कार्यक्रम कर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां का दरबार खोल दिया गया। दशहरा के बाद यहां का दुर्गापूजा महोत्सव चरम पर होगा। अनोखा महोत्सव इसलिए है कि देश में हर जगह दशहरे पर मां का विसर्जन हो जाता है तो यहां पर महोत्सव शुरू होता है। तीन दिन तक अनवरत चलने वाला विसर्जन भी अनोखा ही है। यहां पर पूर्णिमा को प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होता है। रात भर आस्था में सराबोर श्रद्धालु मां की एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। रंग-बिरंगी लाइटों से की गई सजावट महोत्सव में चार चांद लगा देता है।