उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय पर सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अरुण सचदेव से मारपीट के मामले में विरोध शुरू हो गया है। बुधवार को उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर प्रदर्शन किया। घटना 13 जून 2025 की है। आरोप है कि जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को अपने आवास पर बुलाया। वहां उन्होंने न केवल गाली-गलौज की बल्कि डंडे से मारपीट भी की। इस घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश इंजीनियर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को भारतीय प्रशासनिक सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है। साथ ही उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि प्रदेश के इंजीनियर पूरी निष्ठा से विकास कार्य कर रहे हैं लेकिन जिलाधिकारी द्वारा इंजीनियरों का उत्पीड़न और उनके पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह को सौपे ज्ञापन में इंजीनियर्स एसोसिएशन ने यह भी मांग की है कि अधिकारी इंजीनियरों को केवल शासन द्वारा निर्धारित बैठकों में ही बुलाएं। साथ ही बैठकों की वीडियोग्राफी भी की जाए। इस मामले की जानकारी राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को भी दी गई है।