अखंडनगर क्षेत्र में शुक्रवार को मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। सहजनपुर अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो तस्करों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 1.8 किलोग्राम अवैध मॉर्फिन, दो तमंचे, कारतूस और दो कार बरामद हुई हैं। बरामद मॉर्फिन की कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ तस्करी करने वाला गिरोह दो कारों से किसी जिले में डिलीवरी देने जा रहा है। इसके बाद सहजनपुर अंडरपास के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दी। दोनों कार को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, बलरामपुर और प्रशांत सिंह निवासी बल्दीराय, सुल्तानपुर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान दोनों कारों से करीब 1.8 किलोग्राम मादक पाउडर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने इसे मॉर्फिन बताया। सीओ कादीपुर विनय कुमार गौतम ने बताया कि गिरोह ओडिशा से मादक पदार्थ लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करता था। घायल आरोपियों को अखंडनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।