नववर्ष के आगमन पर जिलेभर में लोगों में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने वर्ष की शुरुआत पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ की। सीताकुंड घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर भगवान का स्मरण किया। लंभुआ स्थित बाबा जनवारी नाथ धाम, सूरापुर के पौराणिक विजेथुआ धाम और लोहरामऊ दुर्गा मंदिर समेत अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मंदिरों में जयकारों और घंटा-घड़ियाल की गूंज से माहौल भक्तिमय बना रहा। वहीं नववर्ष को लेकर शहर के पर्यावरण पार्क में भी रौनक देखने को मिली। बच्चों के साथ पहुंचे परिजनों ने पार्क में घूमकर, खेलकूद और मनोरंजन के साथ नए साल का भरपूर आनंद उठाया। पूरे दिन धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर चहल-पहल बनी रही, जिससे जिले में उत्सव जैसा माहौल नजर आया।