सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय के दक्खिन गांव में मंगलवार की रात दुर्गापूजा भंडारे से लौट रही कार शारदा सहायक नहर में अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में सवार सभी चार लोग पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन लोगों को पानी से निकाल लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं, अभी एक लापता है। उसकी तलाश चल रही है। जानकारी के मुताबिक रात करीब 10:15 बजे गांव के ही चार लोग भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर कार से लौट रहे थे। जैसे ही कार दक्खिन गांव नहर पुल के पास पहुंची, चालक ने सड़क की पटरी पर चढ़ाने का प्रयास किया तभी कार अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से तीन लोगों को बाहर निकाला गया जबकि एक युवक अब तक लापता है। निकाले गए घायलों में से मित्रसेन यादव निवासी दक्खिन गांव की हालत गंभीर थी, जिन्हें सीएचसी बल्दीराय ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ सौरभ सावंत ने बताया कि गोताखोरों को बुलाया गया है। स्थानीय स्तर पर लापता व्यक्ति को खोजने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हलियापुर- कूरेभार मार्ग जग्गी बाबा की कुटी के सामने जाम कर दिया है और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि रात बीतने के बाद अभी तक प्रशासन ने लापता युवक को खोजने का कोई खास प्रयास नहीं किया है, गोताखोर भी नहीं पहुंचे हैं। पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। रोड जाम होने से यातायात बंद है।