सुल्तानपुर। जिले में रविवार भोर से हुई तेज बारिश ने करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। दोस्तपुर नगर पंचायत से लेकर अमहट सब्जी मंडी तक जलभराव ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दोस्तपुर में नालों के उफान से पानी घरों और दुकानों में घुस गया। अस्पताल रोड पर हाल ही में बनी सीसी सड़क और ऊंची नालियों के कारण बड़े किराना कारोबारी विश्वनाथ बरनवाल के बेसमेंट में पानी भर गया, जिससे लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। कई मोहल्लों में घरों में पानी घुसने से लोगों को घंटों बाल्टियों से पानी निकालना पड़ा। वहीं बऊदी ताल की करीब 50 हजार रुपये की मछलियां भी बह गईं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओटी तक पानी पहुंच गया। लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च कर कराई गई नाला सफाई पहली ही बारिश में बेअसर साबित हुई। उधर, अमहट सब्जी मंडी में पांच माह से सफाई का टेंडर लंबित होने के कारण नालियां जाम रहीं और परिसर में जलभराव हो गया। व्यापारियों ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उपजिलाधिकारी से बरसात के दौरान औचक निरीक्षण, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और लंबित टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की है। रविवार की बारिश ने जिले में जलनिकासी व्यवस्था की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।