सुल्तानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के घासीगंज में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। मंगलवार की देर रात दो नशेड़ियों ने एक बुजुर्ग को बुरी तरह पीट दिया। घटना घासीपुर गांव की है। गंभीर हालत में उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के समय अमरनाथ नाम के व्यक्ति अपने घर पर थे। उनके पड़ोसी विनय द्विवेदी के बेटे विमल द्विवेदी और सीटू, जो नशे के आदी हैं, ने उन पर हमला कर दिया। अमरनाथ किसी तरह जान बचाकर भागे। इसके बाद दोनों नशेड़ी अमरनाथ के घर में घुस गए। वहां उन्होंने अमरनाथ के पिता महाराजादीन (74) को बुरी तरह पीटा। जिससे उनके शरीर में काफी चोटे आईं। खासकर उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं और वे चीख मारकर बेहोश हो गए। परिवार के शोर मचाने पर आस-पड़ोस के लोग जमा हुए, तब जाकर दोनों आरोपी वहां से भागे। परिजन घायल बुजुर्ग को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टर एसके सोनी ने बुजुर्ग की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए केजीएमसी लखनऊ रेफर कर दिया। कोतवाली देहात इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। परिवार से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।