पयागीपुर ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे रह रहे करीब 30 झुग्गी परिवार वालों को तीन दिन में अपना आशियाना खाली करने का नोटिस मिला है। इस मुद्दे पर सैकड़ों लोगों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह को मांग पत्र सौंपा। 31 मई 2025 को दोपहर 1:30 बजे कुछ अधिकारी जमीन की पैमाइश करने पहुंचे। उन्होंने निवासियों को चेतावनी दी कि समय सीमा में खाली न करने पर बुलडोजर चला दिया जाएगा। स्थानीय निवासी बनवारी और खुशनुमा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि वे 30 वर्षों से यहां रहकर मेहनत-मजदूरी से परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। रुकसाना बानो ने कहा कि घासीगंज ट्रांसपोर्ट नगर में लगभग 35 परिवार पिछले 30-35 साल से रह रहे हैं। विधायक के आदेश पर पीडब्लूडी द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है। बारिश का मौसम आने वाला है और उन्हें कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बताई गई है। झुग्गीवासियों ने जिलाधिकारी से या तो वहीं रहने की अनुमति या वैकल्पिक जगह की मांग की है। एसडीएम और लेखपाल की टीम ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरकारी जमीन वापस ले सकते हैं, लेकिन पहले रहने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।