सांसद रामभुआल निषाद एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर पहुंचे। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की शिकायत पर सुप्रीम कोर्ट से जारी नोटिस पर उन्होंने चुप्पी तोड़ा। सांसद ने कहा उनकी याचिका रद्द हो चुकी है। अब दीवानी तो कहीं भी की जा सकती है। उसी में की हैं, उसमें उनको कुछ मिलने वाला नहीं है। सांसद निषाद मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में पूर्व जिपं अध्यक्ष/सदस्य ओपी चौधरी के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व सांसद मेनका गांधी पर हमला बोला। सांसद ने कहा पूर्व सांसद ने किया क्या हैं, वह देखने से लग रहा है। न सड़क है, न कोई बढ़िया हॉस्पिटल है। उनकी सरकार थी लेकिन कोई रोजगार के अवसर नहीं मिले। न कोई फैक्ट्री लगी न कोई खाद के कारखाना लगा। अभी बीते दिनों खाद की इतनी किल्लत थी जबकि सुल्तानपुर में किसानों की संख्या बड़ी है। खेती बारी का काम यहां ज्यादा होता है। वहीं, मिल्कीपुर में होने वाले उपचुनाव को लेकर हुए सवाल पर रामभुआल ने कहा कि सरकार सत्ता में बने रहने के लिए हर स्तर पर उतरकर बूथ कैपचरिंग से लेकर अपने अधिकारियों को लगाकर वोटरों को प्रभावित कर रही है। लिस्ट में नाम कटवाकर ये सरकार चुनाव जीत रही है। ये अपनी लोकप्रियता से कोई चुनाव नहीं जीत रही है।