सुल्तानपुर में सावन के पहले सोमवार को शिवालय हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने जयकारों के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दूध, बेलपत्र धतूरा, पुष्प आदि अर्पित करके भगवान शिव की आराधना की। पूजा-अर्चना कर परिवार और विश्व के कल्याण की कामना की। जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान स्थित सिद्धेश्वर धाम में भी श्रद्वालुओं की भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक किया गया। पीडब्ल्यूडी रोड स्थित पौराणिक पारिजात वृक्ष के समीप स्थित मां पार्वती मंदिर में भी शिवभक्तों का तांता लगा रहा। शहर के अन्य मंदिरों पर भी आए भक्तों का उत्साह देखते बन रहा था। शिव मंदिरों और शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रही।