सुल्तानपुर में शहर के सिविल लाइंस स्थित स्टेला मारिस कान्वेंट स्कूल के निकट बृहस्पतिवार सुबह कार सवार की स्टंटबाजी में अधिवक्ता की मौत हो गई। जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने कार सवार युवक को जमकर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। अधिवक्ता के बेटे का इलाज पीजीआई के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। शहर के सिविल लाइंस निवासी अधिवक्ता नवीन कुमार शुक्ल (48) के पुत्र रुद्रांश (48) स्टेला मारिस कान्वेंट स्कूल में कक्षा 10 के छात्र हैं। रुद्रांश की परीक्षा चल रही है। सुबह नवीन अपने पुत्र को लेकर बाइक से घर से स्कूल जा रहे थे। कान्वेंट स्कूल के बगल जैसे ही वह पहुंचे, तभी सामने से आ रहे कार सवार ने स्टंटबाजी करने के चक्कर में अचानक बीच सड़क पर गाड़ी घुमा दी। कार से टक्कर लगने पर नवीन शुक्ल व रुद्रांश गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस की गाड़ी से पिता-पुत्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन तब तक नवीन की सांसें थम चुकी थीं। सिर पर गहरी चोट लगने के कारण रुद्रांश की दशा भी ठीक नहीं थी। इसके चलते उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।