सुल्तानपुर के मोतिगरपुर क्षेत्र में मार्च माह के अंतिम दिनों में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार सुबह से आसमान में बादल छाए रहने और मौसम विभाग की बारिश व तेज हवा की संभावना की चेतावनी के बाद किसान अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित करने में जुट गए हैं। क्षेत्र में गेहूं की अगेती फसल लगभग पककर तैयार है, वहीं कई किसानों की जौ और सरसों की फसल कटकर खेतों में मड़ाई के लिए रखी हुई है। ऐसे में संभावित बारिश से इन फसलों को नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। किसान फसलों को तिरपाल से ढंकने और सुरक्षित स्थानों पर रखने का प्रयास करते नजर आए। किसान राम कृपाल, शैलेंद्र पांडेय, राधेश्याम वर्मा, संजय वर्मा, राजेश वर्मा और हौसिला यादव ने बताया कि अगर मौसम एक-दो दिन में हल्की बूंदाबांदी के बाद साफ हो जाता है तो ज्यादा नुकसान नहीं होगा, लेकिन तेज हवा और बारिश होने पर कटी फसल भीग सकती है और खेत में खड़ी गेहूं की फसल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।